
ब्योरो रिपोर्ट, बांका बोल रहा…
शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित चंद्रशेखर सिंह नगर भवन में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बिहार सरकार की सूचना व प्रौद्योगिकी सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का भव्य स्वागत किया गया। समारोह में सैंकड़ो की संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जन्मभूमि से कहीं ज्यादा अधिकार कर्मभूमि का होता है और बांका उनकी कर्मभूमि है, जहां के लोगों के प्रति उनके मन में सदा सम्मान और अपनत्व का भाव रहेगा।मंत्री ने कहा कि पद रहे या न रहे, बांकावासियों के लिए उनके दिल में हमेशा सम्मान बना रहेगा। उन्होंने विकास के मुद्दे पर सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि, विकास के कार्यों के कारण ही वर्तमान सरकार को प्रचंड बहुमत प्राप्त हुआ है। आज बिहार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कदम से कदम मिलाकर चलने का प्रयास कर रहा है और खेल व तकनीक के क्षेत्र में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसलिए दौरान अपने पिता स्व. दिग्विजय सिंह को याद करते हुए श्रेयसी सिंह भावुक दिखीं। उन्होंने कहा कि पिताजी की सोच से हम आज भी एक कदम पीछे चल रहे हैं और उनसे मिली सीख हमारे जीवन की दिशा तय करती है। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले उनके पिता ने उनसे कहा था कि, पहले अपनी प्रतिभा से एक अलग पहचान बनाओ और फिर जनसेवा के भाव से राजनीति में आओ। अपने आप को साबित करते हुए ही राजनीति के मैदान में उतरना चाहिए। मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें विरासत में केवल अपने माता-पिता के संस्कार मिले हैं। मंच से खेल मंत्री ने बांका के ओढ़नी डैम को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, कनाडा से आए टेक्निकल एडवाइजर जैक ने पूरे भारतवर्ष में ओढ़नी डैम को वॉटर स्पोर्ट्स अकादमी के लिए सर्वश्रेष्ठ स्थान बताया है और इसी आधार पर इसका चयन किया गया है। मंत्री ने कहा कि मछली के बच्चों को तैरना नहीं सिखाया जाता, उसी तरह युवाओं में भी प्रतिभा स्वाभाविक होती है, जरूरत है उसे सही दिशा और संसाधन देने की। कार्यक्रम के दौरान बांका की पूर्व सांसद एवं मंत्री की माता पुतुल कुमारी भी हॉल में मौजूद रहीं। समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और उपस्थित लोगों ने मंत्री के विचारों की सराहना की। इस दौरान कटोरिया विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक पूरनलाल टुडू, बांका नगर परिषद उपसभापति विनीता प्रसाद, पूर्व सभापति संतोष सिंह, राहुल डोकनिया, कुंदन सिंह, नितेश सिंह, नीरज सिंह, अनमोल सिंह, सौरभ सिंह, पमपम सिंह, सहित सैकड़ो समर्थक मौजूद रहे।